Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 27 सितम्बर। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र में मथुरा-बरेली हाईवे पर शनिवार रात भोपतपुर पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मेला श्री दाऊजी महाराज देखकर बाइक से घर लौट रहे दो किशोरों की बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार कक्षा 11 के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किशोर की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, समीर (16) पुत्र संजय निवासी मदार गड्ढा भोजगढ़ी, थाना सासनी, केएल जैन इंटर कॉलेज सासनी में कक्षा 11 का छात्र था। शनिवार को वह अपने साथी अरमान (16) के साथ मेला श्री दाऊजी महाराज देखने के लिए आया था। दोनों किशोर मेला देखने के बाद बाइक से अपने घर की ओर लौट रहे थे। रात में जब उनकी बाइक हाथरस जंक्शन क्षेत्र के मथुरा-बरेली हाईवे पर भोपतपुर पुल के पास पहुंची, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

अचानक हुई टक्कर के बाद दोनों किशोर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने समीर को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल अरमान की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने मृतक किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। शव परिजनों के सुपुर्द किए जाने के बाद परिवार के लोग उसे अपने साथ लेकर चले गए। किशोर की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस द्वारा हादसे की जांच की जा रही है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन के संबंध में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page