
हाथरस 25 सितम्बर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल के निर्देशों एवं शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जनपद में सेवा सेतु अभियान का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में दो चरणों में विशेष सेवा शिविर लगाए जाएंगे। प्रथम चरण में 24 से 29 सितंबर तथा द्वितीय चरण में 1 से 6 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शिविर आयोजित होंगे। प्रथम चरण में विकास खंड हाथरस, मुरसान, सिकंदराराऊ एवं सहपऊ तथा नगर पालिका हाथरस, सिकंदराराऊ और नगर पंचायत मुरसान, सहपऊ एवं मैंडू में शिविर लगाए जाएंगे। वहीं दूसरे चरण में विकास खंड सासनी, सादाबाद एवं हसायन तथा नगर पंचायत सादाबाद, हसायन, पुरदिलनगर एवं सासनी में शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ऑनलाइन आवेदन, पंजीकरण एवं पात्रता सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान के तहत स्वास्थ्य मेलों का भी आयोजन किया जाएगा। लगभग 26 विभागों की सहभागिता वाले इन शिविरों में राजस्व, पुलिस, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, पंचायती राज, खाद्य एवं रसद, पशुपालन, श्रम, सेवायोजन, उद्योग, ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिविरों में विभागीय स्टॉल समय से स्थापित करने तथा ऑनलाइन पंजीकरण के लिए कंप्यूटर, इंटरनेट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और नागरिकों को मौके पर ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है।










