हाथरस 25 सितम्बर। 115वें लक्खी एवं तृतीय प्रांतीय मेला श्री दाऊजी महाराज के अंतर्गत आयोजित होने वाले युवा सम्मेलन का उद्घाटन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय करेंगे। युवा सम्मेलन की संयोजक श्रुति मिश्र ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक मेला पंडाल में युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में उद्घाटनकर्ता के रूप में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय, खाद्य एवं रसद विभाग तथा नागरिक आपूर्ति विभाग, उपस्थित रहेंगे। उनकी पत्नी नीलम पांडेय विशेष आमंत्रित के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगी। युवा सम्मेलन की संयोजक श्रुति मिश्र ने कहा कि इस बार का युवा सम्मेलन व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। श्रुति मिश्र सामाजिक संस्था मानव कल्याण की युवा शाखा की जिला अध्यक्ष भी हैं। सम्मेलन के समन्वयक खंड विकास अधिकारी हैं।
वर्ष 2018 से जारी है युवा सम्मेलन की परंपरा
बताया गया कि वर्ष 2018 में पहली बार श्रुति मिश्र की बड़ी बहन शैलजा मिश्र की पहल पर, उनके संयोजकत्व में युवा सम्मेलन एवं यातायात जागरूकता सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इसके बाद वर्ष 2019 और 2022 में भी दाऊजी मेले में युवा सम्मेलन शैलजा मिश्र के संयोजकत्व में आयोजित हुआ। कोरोना संक्रमण के चलते वर्ष 2020 और 2021 में मेले का आयोजन नहीं हुआ। इसके बाद वर्ष 2023 एवं 2024 में युवा सम्मेलन एवं यातायात जागरूकता सम्मेलन, जबकि वर्ष 2025 में यातायात जागरूकता सम्मेलन/कार्यक्रम का संयोजन श्रुति मिश्र द्वारा किया गया।
पर्यावरण सम्मेलन से भी जुड़ा है मिश्र परिवार
श्रुति मिश्र के पिता एवं पर्यावरणविद् भवतोष मिश्र के संयोजकत्व में वर्ष 1995 में पहली बार पर्यावरण सम्मेलन आयोजित किया गया था। इस वर्ष भी दाऊजी मेले में आयोजित होने वाले वन्य जीव-जंतु एवं पर्यावरण सम्मेलन के संयोजक भवतोष मिश्र ही हैं। आयोजकों के अनुसार युवा सम्मेलन में युवाओं की भागीदारी, जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।











