Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 19 सितम्बर। आज सुबह एक लोडर मैक्स अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। यह हादसा हाथरस-आगरा मार्ग पर विनोबा नगर चौराहे के पास हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि लोडर के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा। लोडर सड़क पर ही रुक गया, जिससे हाईवे की एक तरफ गाड़ियों की आवाजाही बंद हो गई और देखते ही देखते लंबा जाम लग गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और वाहन चालकों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त लोडर मैक्स को सड़क से हटाने की कोशिश की, लेकिन लोडर बीच सड़क पर फंसा होने के कारण यातायात सामान्य करने में दिक्कत आ रही थी। हाथरस से आगरा जाने वाले रास्ते पर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। जाम में एक रोडवेज बस भी फंस गई थी। काफी देर तक लोडर को हटाने की कोशिशें नाकाम रहीं, तब रोडवेज बस चालक ने समझदारी दिखाई। चालक ने अपनी बस की मदद से लोडर मैक्स को धीरे-धीरे सड़क के किनारे कर दिया। लोडर के हटते ही गाड़ियों के निकलने का रास्ता बन गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात फिर से शुरू हो सका। जाम के दौरान हाईवे पर दोनों तरफ सैकड़ों गाड़ियां फंसी रहीं। छोटे वाहनों के साथ-साथ रोडवेज बसें और दूसरे भारी वाहन भी जाम में फंस गए, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। लोडर हटने के बाद पुलिस ने यातायात को ठीक किया और गाड़ियों को आगे भेजा। इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। क्षतिग्रस्त लोडर को सड़क से हटाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे और डिवाइडर के पास गाड़ियों का दबाव ज्यादा रहता है, इसलिए थोड़ी देर की रुकावट भी बड़े जाम का कारण बन जाती है।

About Author
Ayog Deepak

Ayog Deepak is an Indian journalist and businessperson who is the chairman and Editor-in-chief of Hamara Hathras News.

View All Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page