जननी सुरक्षा योजना के भुगतान को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 20 सितंबर को 100 फीसदी भुगतान के निर्देश

हाथरस 19 सितम्बर। जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों के भुगतान को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी हाथरस ने जिला महिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, शहरी स्वास्थ्य मिशन के कोऑर्डिनेटर, सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों और ब्लॉक लेखा प्रबंधकों को निर्देशित किया है कि 20 सितंबर 2026 को शाम 5:30 बजे तक योजना के सभी पात्र लाभार्थियों का 100 प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित किया जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि पिछले तीन माह से जनपद हाथरस जननी सुरक्षा योजना के भुगतान में प्रथम स्थान पर रहा था, लेकिन 19 सितंबर को जनपद की रैंकिंग गिरकर तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भुगतान प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और लंबित भुगतान को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए।
उन्होंने बताया कि यदि इस माह जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों का भुगतान 85 प्रतिशत से कम रहता है तो सीएम डैशबोर्ड पर भी जनपद की रैंकिंग ‘बी’ श्रेणी में पहुंच सकती है। इसे देखते हुए 20 सितंबर को विशेष ध्यान देकर शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला लेखा प्रबंधक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक और जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता को भुगतान की प्रगति की प्रत्येक एक घंटे बाद समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों से फीडबैक लेने और इसकी जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।








