
हाथरस 18 सितम्बर। श्री दाऊजी महाराज के 115वें मेले में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस की ओर से 18 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश विनय कुमार ने फीता काटकर, मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने विधिक सेवा प्राधिकरण के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव अथवा कानूनी जानकारी के अभाव में न्याय पाने से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराता है, जिसके तहत पात्र पक्षकारों को अधिवक्ता की फीस नहीं देनी होती। इसके साथ ही लोक अदालतों के माध्यम से सस्ता और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने का कार्य भी किया जाता है। उन्होंने कहा कि दाऊजी महाराज मेले में विधिक शिविर लगाने का उद्देश्य दूर-दराज से आने वाली जनता तक कानूनी जानकारी पहुंचाना है। मेले में आने वाले लोगों को पम्पलेट वितरित करने के साथ ही पराविधिक स्वयंसेवकों और अधिवक्ताओं के माध्यम से विधिक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी ने उपस्थित लोगों को बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा 1 अगस्त 2026 से ‘राष्ट्र के लिए मध्यस्थता 3.0’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत न्यायालयों में विचाराधीन मामलों में दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थों के माध्यम से सुलह कराकर विवादों का शीघ्र निस्तारण कराया जाता है। उन्होंने बताया कि मध्यस्थता के माध्यम से पक्षकारों की सहमति से वाद का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर किया जाता है, जिससे विवाद का समाधान होने के साथ दोनों पक्षों के बीच कटुता कम होती है। उन्होंने बताया कि जो पक्षकार अपने मामले का मध्यस्थता के माध्यम से निस्तारण कराना चाहते हैं, वे संबंधित न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर इस प्रक्रिया का लाभ उठा सकते हैं। मध्यस्थ अधिवक्ता जालिम तथा पराविधिक स्वयंसेवक साहब सिंह ने भी अपने वक्तव्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के उद्देश्यों और आमजन के लिए उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी दी।
शिविर के अवसर पर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय विजय कुमार डुंगराकाटी, अपर जनपद न्यायाधीश संगीता शर्मा, हर्ष अग्रवाल, निर्भय नारायण राय, शैलेन्द्र कुमार सिंह, ईश्वर सिंह, बुशरा आदिल रिजवी, प्रशान्त कुमार, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपकनाथ सरस्वती, सिविल जज (व.प्र.) एफटीसी ईशा अग्रवाल, सिविल जज (क.प्र.) सारांश शर्मा, सिविल जज (क.प्र.) एफटीसी अरिजीत सिंह, सिविल जज (क.प्र.) एफटीसी रोबिन कुमार, जिला बार एसोसिएशन हाथरस के सचिव विनोद कुमार शर्मा सहित अन्य अधिवक्तागण, मध्यस्थ अधिवक्तागण एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से लोगों को विधिक जागरूकता संबंधी पम्पलेट भी वितरित किए गए।











