
हाथरस 16 सितम्बर। वर्ष 2024 में अलीगढ़-एटा मार्ग पर फौजी ढाबा के पास चेकिंग के दौरान फर्जी ई-वे बिल और फर्जी नंबर प्लेट की आड़ में परिवहन की जा रही 299 पेटी अवैध विदेशी मदिरा बरामदगी के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को थाना सिकंदराराऊ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 8 अक्टूबर 2024 को आबकारी एवं पुलिस टीम ने संदिग्ध आयशर ट्रक संख्या UP11 BT 6067 को रोककर जांच की थी। जांच में वाहन का वास्तविक पंजीकरण संख्या HR38 W 9517 पाया गया था, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था। तलाशी के दौरान ट्रक से इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की कुल 299 पेटी अवैध विदेशी मदिरा बरामद हुई थी, जिसमें 98 पेटी 750 एमएल और 201 पेटी 375 एमएल की थीं। पुलिस के मुताबिक बरामद शराब केवल गोवा राज्य में बिक्री के लिए अनुमन्य थी। मामले में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 अलीगढ़ द्वारा थाना सिकंदराराऊ पर मु0अ0सं0 545/2024, धारा 318, 61(2), 338, 336(3) बीएनएस तथा धारा 60, 63, 69(B), 72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया था। मामले में आबकारी निर्माता कंपनी एस.आर. एग्रीवेंचर प्राइवेट लिमिटेड, ट्रक मालिक मुकेश कुमार/विजय तथा अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार अभियुक्त विजय कुमार लगातार फरार चल रहा था, जिसके विरुद्ध पुलिस अधीक्षक हाथरस द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अभियान के क्रम में थाना सिकंदराराऊ पुलिस ने 16 सितंबर 2026 को आरोपी विजय कुमार पुत्र सुखराम सिंह अहेरिया निवासी चिकनवास, थाना अग्रोहा, जनपद हिसार, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार शर्मा मय पुलिस टीम थाना सिकंदराराऊ तथा उपनिरीक्षक धीरज गौतम, प्रभारी एसओजी मय टीम द्वारा की गई।








