Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 सितम्बर। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा में काम पूरा कराने तथा धीमी प्रगति वाले कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत कराए जा रहे पांच कार्यों की समीक्षा की। इनमें चार कार्यों की प्रगति संतोषजनक मिलने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। वहीं मढ़ाका हनुमान मंदिर से पट्टी शक्ति सोरई संपर्क मार्ग पर केवल मिट्टी का कार्य पूरा होने पर नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में प्रस्तुत पीपीटी में बिना कॉर्डिनेट्स वाले फोटो लगाए जाने पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आगामी बैठकों में केवल कॉर्डिनेट्स वाले फोटोग्राफ ही प्रस्तुत किए जाएं, जिनमें संबंधित सहायक अभियंता और अवर अभियंता भी मौजूद हों। आगामी बैठक के लिए कॉर्डिनेट्स वाले फोटोग्राफ सहित बुकलेट तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। विभाग द्वारा हाथरस में सात और सिकन्द्राराऊ में

आठ कार्य कराए जा रहे हैं। समीक्षा में केवल दो कार्यों की प्रगति संतोषजनक मिली, जबकि शेष कार्यों की गति काफी धीमी पाए जाने पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने संबंधित अवर अभियंताओं से कार्यों की भौतिक प्रगति की जानकारी ली। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को कड़ी चेतावनी देते हुए सभी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्वरित आर्थिक विकास योजना के सभी कार्य दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूर्ण कराए जाएं। साथ ही नियमित स्थलीय निरीक्षण और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों और अभियंताओं को गुणवत्ता, समयबद्धता और भौतिक प्रगति पर विशेष ध्यान देते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने होंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग सहित दोनों विभागों के सहायक अभियंता और अवर अभियंता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page