
हाथरस (मुरसान) 15 सितम्बर। क्षेत्र के गांव टिमरली में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए कमरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर मुरसान पुलिस ने सोमवार रात अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टिमरली गांव निवासी योगेश ने पुलिस को बताया कि उनका मकान गांव के हनुमान मंदिर के पास है। वह 9 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे परिवार के साथ राजस्थान स्थित जाहरवीर गोगाजी महाराज के दर्शन करने गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। 12 सितंबर को परिवार के साथ वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। योगेश के अनुसार, चोर अलमारी में रखे दो सोने के पेंडल, दो सोने की लौंग, दो सोने की अंगूठियां, पांच जोड़ी चांदी की तोड़िया, आठ खड़ुआ, दो कंधौनी, आठ जोड़ी बिछिया और दो चांदी की चेन चोरी कर ले गए। इसके अलावा करीब आठ हजार रुपये की नकदी भी गायब मिली। मुरसान कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और चोरी का खुलासा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।







