
हाथरस 15 सितम्बर। गांव बघराया में आयोजित डे-नाइट कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ भाजपा के प्रदेश मंत्री एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी यतेंद्र शर्मा और क्षेत्रीय अध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन अवसर पर यतेंद्र शर्मा ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं को युवाओं की प्रतिभा निखारने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। यतेंद्र शर्मा ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता के प्रदर्शन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ मैदान में उतरकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
‘राजनीति भी कबड्डी की तरह, विपक्ष विकास की टांग खींचने में लगा’
कार्यक्रम के दौरान यतेंद्र शर्मा ने राजनीतिक मुद्दों को लेकर विपक्ष पर भी निशाना साधा। सपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति भी कबड्डी के खेल की तरह होती है। जिस तरह कबड्डी के मैदान में खिलाड़ी एक-दूसरे को रोकने और टांग खींचने का प्रयास करते हैं, उसी तरह विपक्ष विकास की यात्रा को पटरी से उतारने के लिए विकास की टांग खींचने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की विकास यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है और इसे रोकने की कोशिशें सफल नहीं होंगी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि “पहले पिता से पार्टी छीनी और अब चाचा से ट्रस्ट छीन लिया। ऐसे औरंगजेब जैसे नेता से जनता भी दूर रहना चाहती है।” उन्होंने कहा कि परिवार और पार्टी के भीतर अधिकारों को लेकर जिस तरह की राजनीति सामने आई है, उसे जनता देख और समझ रही है।
दतोरा-बघराया के बीच हुआ रोमांचक उद्घाटन मुकाबला
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला दतोरा और बघराया की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मैदान पर खिलाड़ियों के शानदार दांव-पेच और जोरदार मुकाबले के दौरान दर्शकों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मैच को निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने में रेफरी शैतान सिंह, योगेश उपाध्याय और योगेश भारद्वाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान मुकेश कुमार ने की। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में संयोजक एवं मंडल उपाध्यक्ष संजीव कुमार, हरीश शर्मा, मंडल अध्यक्ष गजेंद्र कुमार, पारस सेंगर, माधव, पुष्पेंद्र एवं गजेंद्र कुमार का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन हेमू ने किया। प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और खेल प्रेमी मौजूद रहे। डे-नाइट कबड्डी प्रतियोगिता को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और देर शाम तक मैदान दर्शकों से गुलजार रहा।








