
सादाबाद (सहपऊ) 15 सितम्बर। क्षेत्र के गांव नगला बिहारी स्थित संविलियन विद्यालय में तैनात शिक्षक नेकसे लाल सोमवार दोपहर विद्यालय से लौटते समय सड़क पर भरे पानी के कारण हादसे का शिकार हो गए। बताया गया कि उनकी बाइक का अगला पहिया पानी की निकासी के लिए बने मैनहोल में फंस गया, जिससे बाइक असंतुलित होकर गिर गई और शिक्षक मुंह के बल सड़क पर भरे पानी में जा गिरे। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक गिरते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दौड़कर शिक्षक को उठाया। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए निजी चिकित्सालय ले गए। हादसे में उनके मुंह पर गंभीर चोट आई है और ऊपर के दो दांत टूट गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के अंदर बनी पोखर अक्सर ओवरफ्लो हो जाती है, जिसके चलते पानी सड़क पर जमा रहता है। जलभराव के कारण आए दिन लोगों के गिरकर घायल होने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने पोखर की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। ग्राम प्रधान ओमवीर सिंह ने बताया कि पोखर की सफाई के लिए प्रशासन को कई बार प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं, लेकिन प्रस्ताव स्वीकृत नहीं होने के कारण अभी तक पोखर की सफाई नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि पोखर की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था होने से ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सकेगी।










