Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 सितम्बर। मथुरा रोड स्थित आयकर कार्यालय पर आज अग्रिम कर जमा करने और नए आयकर अधिनियम-2025 के संबंध में चर्चा के लिए आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आयकर अधिकारी सुधीर कुमार के नेतृत्व में हुआ। शुरुआत में डिस्टिक्ट टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बीके शर्मा एडवोकेट तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट की ओर से गिरधर गोपाल अग्रवाल सीए ने आयकर अधिकारी सुधीर कुमार का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में आयकर अधिकारी सुधीर कुमार ने अग्रिम कर जमा करने के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में अग्रिम कर कम जमा हो रहा है। उन्होंने करदाताओं से अपील की कि जो लोग अग्रिम कर के दायरे में आते हैं, वे समय से अपना अग्रिम कर अवश्य जमा करें। उन्होंने अधिवक्ताओं और चार्टर्ड अकाउंटेंट से भी अनुरोध किया कि वे अपने-अपने करदाताओं को समय से अग्रिम कर जमा करने के लिए प्रेरित करें, ताकि व्यापारी और उद्योगपति कर भुगतान में विभाग का सहयोग कर सकें।

उन्होंने कहा कि कार्यालय स्तर पर समाधान योग्य करदाताओं की समस्याओं का तत्परता और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। साथ ही समय-समय पर नए आयकर अधिनियम और अन्य विषयों को लेकर अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट, व्यापारियों एवं करदाताओं के साथ बैठकें आयोजित कर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने पिछली बकाया डिमांडों का भी भुगतान करने की अपील की। आयकर निरीक्षक विवेक सिंह और कार्यालय अधीक्षक अभिनय सिंह ने भी करदाताओं से अधिक से अधिक अग्रिम कर जमा करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं और चार्टर्ड अकाउंटेंट ने अग्रिम कर कम जमा होने के विभिन्न कारणों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद सभी लोग मिलकर प्रयास करेंगे कि अधिक से अधिक अग्रिम कर जमा कराया जा सके। कार्यक्रम में रामअवतार अग्रवाल एडवोकेट, बीके शर्मा एडवोकेट, विनोद कुमार अग्रवाल एडवोकेट, राजेंद्र प्रसाद एडवोकेट सादाबाद, आकाश ठाकुर एडवोकेट, रामकुमार शर्मा एडवोकेट, भरत कुमार शर्मा एडवोकेट, नितिन वार्ष्णेय सीए, आशीष अग्रवाल सीए, नितिन अग्रवाल सीए, लोकेश वार्ष्णेय सीए सहित अन्य अधिवक्ता एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट मौजूद रहे। आयकर कार्यालय से पूनम बघेल कर सहायक, उषा देवी एमटीएस, प्रमोद कुमार सहित अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय अधीक्षक अभिनय सिंह ने किया। अंत में आयकर अधिकारी सुधीर कुमार ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page