
हाथरस 14 सितम्बर। वार्ष्णेय महिला वेलफेयर की ओर से नंद उत्सव का भव्य आयोजन एक रेस्टोरेंट में हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ किया गया। कार्यक्रम में संस्था की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नंदलाल के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं। भक्ति, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक गतिविधियों से पूरा आयोजन यादगार बन गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी के पूजन तथा राधा-कृष्ण नाम संकीर्तन के साथ हुआ। इसके बाद कान्हा जी की सुंदर लाइव झांकी एवं पालना उत्सव ने सभी का मन मोह लिया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। नंद उत्सव के दौरान महिलाओं ने भक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का जमकर आनंद लिया। कभी महिलाएं भक्ति के रंग में रंगी नजर आईं तो कभी हंसी-मजाक और मस्ती के पलों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। इस दौरान “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में संस्था की एकजुटता, आपसी प्रेम और सौहार्द की सुंदर झलक देखने को मिली। सभी सदस्यों ने मिलकर स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया और एक-दूसरे के साथ यादगार पल साझा किए। कार्यक्रम के समापन पर सभी को प्रसादी वितरित की गई। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष प्रज्ञा वार्ष्णेय, जिला सचिव वंदना वार्ष्णेय, जिला कोषाध्यक्ष रिचा वार्ष्णेय, नगर अध्यक्ष श्वेता वार्ष्णेय, नगर सचिव रेशू वार्ष्णेय, नगर कोषाध्यक्ष रचना गुप्ता, उपाध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, उपसचिव शीतल वार्ष्णेय, उप कोषाध्यक्ष टीना वार्ष्णेय, सहायिका पल्लवी एवं सलाहकार पूजा वार्ष्णेय सहित संस्था की सदस्य रीना, तृप्ति, उषा, गीता, आशा, प्रीति, पूजा आदि मौजूद रहीं। सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के सहयोग से नंद उत्सव भक्ति, उमंग और हंसी-खुशी से भरपूर यादगार आयोजन बन गया। वार्ष्णेय महिला वेलफेयर परिवार ने एक बार फिर अपनी एकता, प्रेम और सामाजिक-धार्मिक गतिविधियों के प्रति समर्पण का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।










