
हाथरस 12 सितम्बर। मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला धनू निवासी एक युवक ने ट्रैक्टर से खेतों की जुताई-बुवाई के बकाया 48,900 रुपये मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। नगला धनू निवासी देवेश कुमार ने आरोप लगाए हैं। देवेश का कहना है कि सुरेश सिंह ने उनसे ट्रैक्टर से खेतों की जुताई-बुवाई कराई थी, जिसकी मजदूरी 48,900 रुपए बनी थी। आरोप है कि सुरेश सिंह ने यह रकम नहीं दी और मांगने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पीड़ित ने बताया कि उसने गांव के कई लोगों के सामने भी बकाया मजदूरी की मांग रखी थी। इन लोगों के सामने सुरेश सिंह ने बकाया रकम होने की बात मानी थी और जल्द भुगतान करने का वादा किया था। देवेश का आरोप है कि इसके बावजूद उसे रुपए नहीं दिए गए। 29 अगस्त को जब वह बकाया मजदूरी मांगने सुरेश सिंह के घर पहुंचा, तो उसके साथ गाली-गलौज की गई। आरोप है कि सुरेश सिंह ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए रुपये देने से साफ इनकार कर दिया था।







