
हाथरस (मुरसान) 12 सितम्बर। थाना क्षेत्र के एक गांव से 20 साल की एक युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। युवती के पिता ने आरोपियों पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है और उसकी सुरक्षित वापसी की मांग की है। युवती के पिता ने बताया कि उनकी 20 साल की बेटी 8 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे चारा काटने के लिए खेत पर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव का अमित तोमर उसे बहला-फुसलाकर कहीं ले गया। पिता का यह भी आरोप है कि इस काम में राहुल बघेल और जितेंद्र बघेल ने भी अमित का साथ दिया। युवती के पिता का कहना है कि युवती के घर वापस नहीं लौटने पर उसकी तलाश की गई। हालांकि, अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। युवती के पिता ने अपनी बेटी के साथ अनहोनी होने का डर जताया है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और बेटी को जल्द सुरक्षित वापस लाने की अपील की है।







