हाथरस 10 सितंबर। उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यगण 12 सितंबर शनिवार को जनपद हाथरस के भ्रमण पर पहुंचेंगे। आयोग के दौरे को लेकर जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यगण सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक जिलाधिकारी से वार्ता करेंगे। इसके बाद 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक बैठक आयोजित की जाएगी।
पिछड़े वर्गों की स्थिति पर होगी चर्चा
बैठक में जनपद के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक स्थिति से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। स्थानीय ग्रामीण निकायों में अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व और उनकी स्थिति से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को भी बैठक में रखा जाएगा। आयोग के इस दौरे को स्थानीय ग्रामीण निकायों में पिछड़े वर्गों की स्थिति और उनके प्रतिनिधित्व से जुड़े पहलुओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





