Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 06 सितम्बर। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव टीकेत में रविवार दोपहर बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। घर में लगे समरसेबल के स्टार्टर में उतरे करंट की चपेट में आने से छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। इकलौते बेटे की अचानक मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। गांव टीकेत निवासी किसान सुनील कुमार का छह वर्षीय बेटा किट्टू रविवार दोपहर करीब एक बजे घर पर था। बताया गया कि वह किसी काम से घर में लगे समरसेबल के स्टार्टर को चालू करने के लिए पहुंचा था। सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण स्टार्टर में करंट प्रवाहित हो रहा था। जैसे ही मासूम ने स्टार्टर को छुआ, वह करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में किट्टू को उपचार के लिए नजदीकी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कुछ ही देर में आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। परिजनों के मुताबिक किट्टू परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्चे की चहक सुनाई दे रही थी, वहां अचानक मातम और सन्नाटा पसर गया। ग्रामीणों ने बारिश के दौरान बिजली के उपकरणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह के दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page