
हाथरस 05 सितम्बर। गांव चितावर में एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब प्रसव के कुछ ही देर बाद 20 वर्षीय नवविवाहिता बबली की मौत हो गई। वहीं, जन्म के बाद नवजात बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार चितावर निवासी नवनीत की पत्नी बबली को बृहस्पतिवार शाम प्रसव पीड़ा होने पर आगरा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात में ऑपरेशन के दौरान बबली ने एक बच्ची को जन्म दिया। बताया गया कि प्रसव के बाद बबली को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा और हालत बिगड़ती चली गई। इसके बाद सुबह करीब तीन बजे उसकी मौत हो गई। नवजात बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया।
बताया गया कि बबली का विवाह 12 दिसंबर 2025 को नवनीत के साथ हुआ था। शादी के महज कुछ महीनों बाद ही प्रसव के दौरान उसकी मौत की खबर से ससुराल और मायके पक्ष में कोहराम मच गया। शुक्रवार सुबह परिजन बिना किसी पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम के शव को गांव ले गए, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। पति नवनीत ने जब पत्नी को मुखाग्नि दी तो उसका रो-रोकर बुरा हाल था। इस मार्मिक दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। मामले में सीओ सादाबाद जेएन अस्थाना ने बताया कि प्रकरण में अभी किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।









