
हाथरस 05 सितम्बर। सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज में शिक्षक दिवस छात्र-छात्राओं द्वारा उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के जूनियर विंग एवं सीनियर विंग के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर शिक्षकों के प्रति अपना सम्मान और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर श्रद्धापूर्वक पुष्प एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने विभिन्न नृत्य, नाटिकाओं एवं लघु नाटिकाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और उनके जीवन में शिक्षकों के महत्व को अभिव्यक्त किया। इस अवसर पर छात्रा दृश्या ने अपने संदेश में कहा कि शिक्षक का स्थान अतुलनीय है। शिक्षक केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक मार्गदर्शक, प्रेरक और हमारे जीवन का सच्चा मित्र होता है। विद्यालय की प्रधानमंत्री लावन्या एवं आदित्य ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें जीवन जीने की कला भी सिखाते हैं। शिक्षक अपने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को संवारने के लिए पूरी मेहनत और अपना बहुमूल्य समय समर्पित करते हैं। विद्यार्थी सदैव अपने शिक्षकों के आभारी रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में शिक्षिका निधि शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रेषित किया। विद्यालय के मैनेजर फादर जॉर्ज पॉल एवं प्रधानाचार्य फादर प्रकाश डी’सूजा ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।










