Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 03 सितम्बर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव में उपयोग होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) की प्रक्रिया हाथरस में शुरू कर दी गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार EVM और VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच 2 सितंबर से 21 सितंबर तक इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL), हैदराबाद के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा की जाएगी। यह जांच जिला निर्वाचन कार्यालय, विकास भवन के पीछे, मथुरा रोड, हाथरस स्थित वेयरहाउस में स्थापित FLC हॉल में कराई जा रही है।

निर्वाचन से पहले EVM और VVPAT की जांच एवं परीक्षण संबंधित निर्माता कंपनी के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में किया जाता है। FLC में जांच के बाद केवल उन्हीं EVM और VVPAT का निर्वाचन में उपयोग किया जाता है, जो निर्धारित मानकों पर सफल पाई जाती हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार FLC की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमावली के तहत की जा रही है। प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी और भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से भी की जाती है। FLC को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं जिला प्रशासन की ओर से पूरी कर ली गई हैं। वहीं, जिला मुख्यालय पर स्थित राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी FLC प्रक्रिया के अवलोकन के लिए अपने प्रतिनिधियों को अधिकृत करने के संबंध में 29 अगस्त को लिखित रूप से अनुरोध किया गया था। संबंधित राजनीतिक दलों के राज्य मुख्यालयों की ओर से अनुरोध पत्र प्राप्त होने की पुष्टि भी की जा चुकी है। निर्वाचन विभाग के अनुसार FLC प्रक्रिया का उद्देश्य चुनाव में इस्तेमाल होने वाली EVM और VVPAT की कार्यप्रणाली एवं विश्वसनीयता का पूर्व परीक्षण सुनिश्चित करना है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page