
हाथरस 03 सितम्बर। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने साइबर टिप लाइन रिपोर्ट के आधार पर इंटरनेट मीडिया पर बाल अश्लीलता से संबंधित आपत्तिजनक कंटेंट शेयर किए जाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आईटी एक्ट की संबंधित धारा में अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 16 अप्रैल को साइबर टिप लाइन की रिपोर्ट अपलोड की गई थी, जो हाथरस साइबर क्राइम थाने को प्राप्त हुई। मामले की जांच उपनिरीक्षक अमन कुमार वैश्य को सौंपी गई। तकनीकी सहायक अंकित कुमार की मदद से टिप लाइन रिपोर्ट में प्रयुक्त मोबाइल नंबर की सीएएफ डिटेल निकाली गई। जांच में नंबर धारक की पहचान सासनी क्षेत्र के एक गांव निवासी के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संबंधित फेसबुक आईडी से 3 फरवरी को आपत्तिजनक वीडियो कंटेंट शेयर किया गया था। पुलिस ने संबंधित वीडियो को पेनड्राइव में सुरक्षित कर सील किया और रिपोर्ट के प्रिंटआउट के साथ प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर साइबर क्राइम थाने में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। साथ ही आरोपित को नोटिस देकर पूछताछ की जाएगी। जांच में आरोप सिद्ध होने पर नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक इंटरनेट पर बाल अश्लीलता से संबंधित कंटेंट की ऑटोमेटिक रिपोर्टिंग की व्यवस्था है। ऐसी रिपोर्ट संबंधित राज्यों की पुलिस को भेजी जाती हैं, जिसके आधार पर स्थानीय स्तर पर जांच एवं कानूनी कार्रवाई की जाती है। फिलहाल साइबर क्राइम पुलिस मामले के तकनीकी और अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।












