
हाथरस 03 सितम्बर। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग के समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण आज जनपद के दौरे पर पहुंचे। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर प्रदेशभर में चल रहे संगठनात्मक दौरे के क्रम में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव आर्य के निज निवास पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से मुलाकात की। गौरव आर्य के आवास पर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री असीम अरुण का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष संजय सक्सेना, पूर्व नगर अध्यक्ष मूलचंद वार्ष्णेय, सादाबाद मंडल अध्यक्ष अंकुश गौड़ एवं पूर्व विस्तारक अंकित गौड़ ने माल्यार्पण, दुपट्टा एवं पगड़ी पहनाकर तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर मंत्री का सम्मान किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री असीम अरुण ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियों में अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने की आवश्यकता है। प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाए। मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी लोग एकजुट होकर मेहनत करें और आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की पुनः पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता के लिए संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री को विश्वास दिलाया कि वे संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जुटेंगे। कार्यक्रम के अंत में मंत्री असीम अरुण ने स्वागत एवं सम्मान के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।












