
हाथरस 01 सितम्बर। टीचर सेल्फ केयर टीम टीएससीटी की ओर से शिक्षकों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदान की गई कैशलेस चिकित्सा योजना के लिए सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर के माध्यम से मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हुई है। शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों एवं उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने तथा एसबीआई के साथ एमओयू के माध्यम से इंश्योरेंस एवं अन्य सुविधाएं प्रदान किए जाने से शिक्षक परिवारों को आर्थिक एवं चिकित्सकीय सुरक्षा मिली है। टीएससीटी पदाधिकारियों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों ने मुख्यमंत्री से कैशलेस चिकित्सा सुविधा को सेवानिवृत्ति के बाद भी जारी रखने की मांग की। उनका कहना है कि सेवानिवृत्ति के बाद चिकित्सा की आवश्यकता अधिक होती है, ऐसे में इस सुविधा को आगे भी जारी रखना शिक्षकों एवं उनके परिवारों के हित में होगा। इसके साथ ही शिक्षकों ने स्वजन की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए 15 दिन का विशेष अवकाश प्रदान किए जाने की मांग भी उठाई। शिक्षकों ने बताया कि वर्तमान में 14 आकस्मिक अवकाश के अतिरिक्त विशेष परिस्थितियों में अवकाश की कमी के कारण किसी स्वजन की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार एवं अन्य आवश्यक पारिवारिक दायित्वों को पूरा करने में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री से विशेष अवकाश की व्यवस्था किए जाने का अनुरोध किया गया। ज्ञापन सदर विधायक श्रीमती अंजुला माहौर के माध्यम से मुख्यमंत्री तक प्रेषित किया गया। इस अवसर पर जिला संयोजक डॉ. गोपाल ने विधायक को टीएससीटी की गतिविधियों एवं उद्देश्यों से अवगत कराया तथा पत्रिका भेंट की। वहीं ब्लॉक प्रवक्ता रविकांत वर्मा ने सदर विधायक का धन्यवाद प्रेषित किया। ज्ञापन देने वालों में जिला संयोजक डॉ. गोपाल, जिला प्रवक्ता सत्यवीर सिंह, सोमेश प्रभाकर, सुशील कुमार, जिला सह-संयोजक जीतेन्द्र शर्मा, राहुल सागर, ब्रजेश भारती एवं त्रिवेश तरेटिया सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।













