
हाथरस 24 अगस्त । जिले की कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव अल्हैपुर के पास आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। स्कूल बस और ईको कार में जोरदार टक्कर हो गयी । टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में ईको चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उपचार के दौरान उसके पिता ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। क्षतिग्रस्त कार को देखकर आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
गंगा स्नान कर लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के गांव आरती निवासी एक ही परिवार के रितेश, अवनीश, वीरेंद्र, नरेश, राकेश, प्रदीप और हरदन सिंह ईको कार में सवार होकर सोरों स्थित गंगा घाट पर स्नान करने के बाद आज सुबह अपने गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी कार कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव अलेहपुर के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही बस और ईको कार में जोरदार टक्कर हो गयी । हादसे में कार चालक प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता राकेश ने आगरा में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
तीन घायलों को हायर सेंटर किया रेफर
हादसे में घायल छह लोगों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे में शामिल बस स्कूल की बस को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और बस की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।













