
हाथरस 18 अगस्त। राजकीय शिक्षक संघ, जनपद के प्रतिनिधिमंडल ने जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) नीरज गोयल को अपनी लंबित वित्तीय और आयकर संबंधी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि राजकीय शिक्षक पिछले कई महीनों से डीए एरियर, वेतनवृद्धि से संबंधित लंबित भुगतानों और आयकर संबंधी समस्याओं से परेशान हैं। संघ का आरोप है कि संबंधित पटल पर कार्यरत कर्मियों के असहयोगात्मक रवैये और कार्यप्रणाली के चलते शिक्षकों के प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित रखे जा रहे हैं, जिसके कारण उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पिछले तीन-चार माह के डीए एरियर एवं वेतनवृद्धि संबंधी लंबित भुगतानों का समयबद्ध निस्तारण कराया जाए और टाइम बार्ड हो चुके एरियर प्रकरणों का नियमानुसार समाधान किया जाए। इसके साथ ही प्रत्येक माह वेतन बिल समय से तैयार कर प्रेषित करने, आयकर Form-16 और त्रैमासिक डेटा समय से सीए को उपलब्ध कराने तथा संबंधित पटल की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर निस्तारण की समयसीमा निर्धारित करने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, जिला मंत्री अरविंद कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गंगाराम, संगठन मंत्री सत्यवीर सिंह, उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, प्रचार मंत्री अनूप सिंह, कोषाध्यक्ष पप्पू सिंह और आय/व्यय निरीक्षक नरेश कुमार सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।












