Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 अगस्त। हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के जैतपुर गांव के पास शुक्रवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक से कासगंज के सोरों घाट कांवड़ लेने जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आगरा जिले के खंदौली थाना क्षेत्र के खोड़ा हाजीपुर निवासी अजीत पुत्र महाराज सिंह को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक पर सवार उसका जीजा राम भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे रामपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतक एवं घायल के परिजनों को दी। अजीत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। देर रात परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार अजीत मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था और अविवाहित था। कांवड़ लेने जाते समय हुए हादसे में उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page