Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत शहीद स्मारक स्थल पर भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि राजस्व राज्यमंत्री सुरेन्दर दिलेर ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी और अमर शहीदों को नमन किया। राज्यमंत्री सुरेन्दर दिलेर ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों को याद करते हुए कहा कि 15 अगस्त प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और खुशी का दिन है। मंगल पांडेय, रानी लक्ष्मीबाई, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव और नेताजी सुभाष चंद्र बोस सहित अनगिनत वीरों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का भी दिन है। प्रत्येक नागरिक को ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत शांति और भाईचारे में विश्वास रखता है, लेकिन देश की एकता, सुरक्षा और सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों को जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने जनपदवासियों से मजबूत, सुरक्षित, खुशहाल और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री सुरेन्दर दिलेर, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शहीद श्री श्याम सिंह की पत्नी सुशीला देवी, शहीद श्री धर्मेन्द्र सिंह की पत्नी राजेश देवी और शहीद श्री उमेश कुमार की पत्नी अनीता देवी को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया। सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं को भी उपहार देकर सम्मानित किया गया और उन्हें अनुशासन, कर्तव्य एवं राष्ट्रप्रेम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के बाद शहीद स्मारक स्थल से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। राज्यमंत्री, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में जनपदवासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर रैली में भाग लिया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। बच्चों, युवाओं और आमजन की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने रैली को विशेष बना दिया। समापन अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने जिला प्रशासन की ओर से राज्यमंत्री सुरेन्दर दिलेर, जनप्रतिनिधियों एवं जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, जनपदवासी तथा मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Next News :-सदर विधायक ने दिया पीड़ित परिवार को दी आर्थिक सहायता, डीएम व एसपी बोले शासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ है खड़ा

Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page