Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 16 अगस्त । जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि ढाई साल के बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सिकंदराराऊ क्षेत्र में एटा हाईवे पर गांव उमरावपुर के पास हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पर गश्त कर रही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, नोएडा से एक कार सवार लोग बांगरमऊ, हरदोई जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सभी लोग किसी परिचित की गमी में शामिल होने के लिए जा रहे थे। शनिवार की देर रात करीब 2:30 बजे सिकंदराराऊ से लगभग छह किलोमीटर आगे गांव उमरावपुर के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई। कार सड़क किनारे लगे इंडिकेटर बोर्ड को तोड़ते हुए पुलिया की साइड में पलट गई।

हादसे के समय कार में बच्चे समेत कुल सात लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के पलटने के बाद उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर हाईवे पर गश्त कर रही पुलिस की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिसकर्मियों ने कार को सीधा कराकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान राम जी पुत्र संजय पाल उर्फ पप्पू, अवधेश और जगतपाल पुत्र पुत्तीलाल के रूप में हुई है। बताया गया है कि राम जी बांगरमऊ, हरदोई के रहने वाले थे, जबकि अवधेश आलापुर, मुरादाबाद और करीब 50 वर्षीय जगतपाल बांगरमऊ, हरदोई के निवासी थे।

हादसे में गोल्डी (28), राजीव (30), ढाई वर्षीय नकश और माया (40) घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी बांगरमऊ, हरदोई के निवासी हैं। घायलों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए बागला सिविल अस्पताल, हाथरस रेफर कर दिया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मृतकों और घायलों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया कार के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

एक झटके में उजड़ गए तीन परिवार

रात के अंधेरे में हुए इस भीषण हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस कार से लोग गमी में शामिल होने के लिए बांगरमऊ जा रहे थे, वही रास्ते में हादसे का शिकार हो गई। हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि चार लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहे। ढाई साल के मासूम के घायल होने की खबर ने हादसे को और भी दर्दनाक बना दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page