Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 अगस्त। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को मॉडल प्राथमिक विद्यालय रूहेरी, ब्लॉक सासनी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11:20 बजे मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेदप्रकाश ने फीता काटकर किया। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी डॉ. पंकज कुमार एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य अनीस खान ने सीएमओ का स्वागत किया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी आरसीएच डॉ. राजीव गुप्ता ने बताया कि जनपद में कृमि मुक्ति अभियान के तहत 7,76,521 बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि सरकारी, गैर सरकारी एवं अर्द्धसरकारी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमि मुक्ति की दवा खिलाई जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेदप्रकाश ने बच्चों से संवाद करते हुए कृमि संक्रमण के कारणों और उससे होने वाले नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पेट के कीड़े आंतों से पोषक तत्वों को सोख लेते हैं, जिससे बच्चों में खून की कमी हो सकती है तथा उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसके बाद सीएमओ, एसीएमओ, शिक्षकों, शिक्षिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं ने बच्चों को अपने सामने एल्बेंडाजोल की गोली चबाकर खाने के लिए प्रेरित किया।

जिला कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार ने कक्षाओं में जाकर बच्चों से कृमि मुक्ति अभियान के संबंध में जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि पेट के कीड़ों से बचाव के लिए साफ-सफाई बेहद जरूरी है। उन्होंने खाना खाने से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने, फल-सब्जियों को धोकर खाने, पीने के पानी को ढककर रखने, नंगे पैर बाहर नहीं जाने और शौचालय का प्रयोग करने जैसे उपाय भी बताए। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सीएचसी सासनी चतुर सिंह ने बताया कि कृमि मुक्ति की गोली का सेवन प्रत्येक छह माह के अंतराल पर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे एनीमिया में कमी, पोषण स्तर में सुधार, बच्चों की शारीरिक एवं मानसिक वृद्धि, वजन बढ़ने और रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होने में मदद मिलती है। साथ ही बच्चों की स्कूल में उपस्थिति, सक्रियता और याददाश्त में भी सुधार होता है। विद्यालय में कुल 160 बच्चे पंजीकृत हैं, जिनमें से 132 बच्चे कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रहे और सभी को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई। इस अवसर पर सभी बच्चों को फल भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में डॉ. पावस कुशवाहा, प्रधानाध्यापक अनीस खान, सहायक अध्यापक- अध्यापिकाएं, स्वास्थ्य विभाग की कार्यकत्रियां सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page