
हाथरस 10 अगस्त। जल जीवन मिशन के तहत संचालित नौगांव पेयजल योजना का निरीक्षण किया गया। योजना में कुल 19 मजरों को शामिल किया गया है। निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता ने योजना के तहत प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना में दो शिरोपरि जलाशय, 75 किलोलीटर क्षमता वाला 12 मीटर स्टेजिंग तथा 200 किलोलीटर क्षमता वाला 18 मीटर स्टेजिंग जलाशय, तीन नलकूप, तीन पंप हाउस, 45.22 किलोमीटर वितरण प्रणाली और 1804 गृह जल संयोजन का प्रावधान है। योजना की कुल लागत 980.03 लाख रुपये निर्धारित है। निरीक्षण के दौरान मौके पर केवल 75 किलोलीटर क्षमता वाले 12 मीटर स्टेजिंग के स्टील टैंक का कार्य पूरा हुआ पाया गया। योजना के अन्य सभी कार्य बंद मिले, जिसके कारण गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। टंकी परिसर में बाउंड्रीवॉल का निर्माण भी नहीं कराया गया है। सहायक अभियंता चंद्रपाल सिंह ने बताया कि योजना के तहत तीनों ट्यूबवेल की बोरिंग का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि राइजिंग मेन का कार्य अभी प्रगति पर है। इसी कारण नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। हालांकि निरीक्षण के दौरान मौके पर राइजिंग मेन का कार्य भी बंद पाया गया। इसके अलावा गांव में वितरण पाइप लाइन बिछाने का कार्य भी बंद मिला। बताया गया कि अब तक गांव में करीब 35 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजना के सभी अवशेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाना सुनिश्चित करें, ताकि नौगांव एवं संबंधित मजरों के ग्रामीणों को जल्द से जल्द नियमित पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके।









