
हाथरस 06 अगस्त। श्रावण मास के पावन अवसर पर गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे कांवड़ श्रद्धालुओं से जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने हाथरस-मथुरा मार्ग पर मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से आत्मीयता से बातचीत करते हुए उनके निवास जनपद, यात्रा के अनुभव और मार्ग में उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा उनकी सकुशल यात्रा की कामना की। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित कांवड़ मार्ग का ही इस्तेमाल करने और अनावश्यक जल्दबाजी से बचते हुए सावधानीपूर्वक यात्रा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। पुलिस अधीक्षक ने भी श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने और पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया। डीएम ने मुरसान स्थित कांवड़ शिविर में श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन के कर्मचारियों को भी शिविर तक भेजकर स्वच्छ पेयजल, फल-फ्रूट, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने शिविर में श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। कांवड़ श्रद्धालुओं ने मार्ग में जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं की सराहना की और अधिकारियों के प्रति आभार जताया। डीएम और एसपी ने सभी श्रद्धालुओं को मंगलमय एवं सुरक्षित कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।








