Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 06 अगस्त। कोतवाली सदर क्षेत्र के आगरा रोड स्थित एक अस्पताल में इलाज के दौरान 26 वर्षीय युवक की मौत के बाद तीमारदारों और ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। मृतक के परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने और लगातार रुपये मांगने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंचे लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव अजगरा पुरदिलनगर निवासी 26 वर्षीय सचिन पुत्र नरेश को बुधवार को आगरा रोड स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। स्वजन ने आरोप लगाया कि मरीज का समय पर उचित उपचार नहीं किया गया और इलाज के नाम पर लगातार रुपये की मांग की जाती रही। परिजनों का आरोप है कि युवक की मौत के बाद भी शव सौंपने से पहले रुपये मांगे गए। उनका कहना था कि शव नहीं दिया जा रहा था, जिसके बाद गांव गिजरौली से रिश्तेदारों को बुलाया गया। इसके बाद शव स्वजन को सौंपे जाने की बात कही गई। हंगामा बढ़ता देख कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। बताया गया कि सचिन की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। परिजनों के अनुसार वह शराब का आदी था। घटना के बाद परिजन रोते-बिलखते शव लेकर चले गए। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page