Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 06 अगस्त। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की लचर स्थिति की तस्वीर आज रात जिला अस्पताल के मुख्य द्वार पर देखने को मिली। यहां एक शव को लेकर जा रहा सरकारी शव वाहन गेट पर अचानक खराब हो गया। वाहन स्टार्ट नहीं होने पर चालक ने शोक में डूबे मृतक के परिजनों से ही उसे धक्का लगवाने को कहा। मजबूरी में परिजनों ने शव वाहन को धक्का लगाया, लेकिन दो लोगों के प्रयास के बावजूद वाहन आगे नहीं बढ़ सका। जानकारी के अनुसार, कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र स्थित जिला अस्पताल से शव वाहन एक मृतक का शव लेकर घर के लिए निकला था। अस्पताल के मुख्य द्वार पर पहुंचते ही वाहन अचानक बंद हो गया। चालक नवीन ने कई बार वाहन स्टार्ट करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद चालक ने परिजनों से वाहन में धक्का लगाने के लिए कहा। शोकाकुल परिजनों ने किसी तरह वाहन को धक्का लगाना शुरू किया, लेकिन वाहन नहीं चला। मौके पर मौजूद निजी एंबुलेंस चालकों ने स्थिति देखी तो वे मदद के लिए आगे आए और शव वाहन को काफी दूर तक धक्का लगाया। इसके बाद वाहन स्टार्ट हो सका और परिजन शव को लेकर घर के लिए रवाना हुए। घटना ने जिला अस्पताल में शव वाहनों की व्यवस्था और उनके रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page