
हाथरस 04 अगस्त। बामौली हाउस, आगरा रोड स्थित आवास पर दर्जनों गांवों के किसान विद्युत कटौती एवं ट्रांसफार्मर की समस्या को लेकर ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय से मिले। किसानों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार ट्रांसफार्मर फुंकने और डेमेज होने के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि बिजलीघरों के कई चक्कर लगाने के बाद भी समय से ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे गांवों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित है। किसानों ने बताया कि वर्तमान समय में धान की फसल के लिए सिंचाई बेहद जरूरी है। नलकूप कनेक्शनों पर प्रतिदिन 10 घंटे विद्युत आपूर्ति के आदेश होने के बावजूद उन्हें महज 4 से 5 घंटे ही बिजली मिल पा रही है, जिससे धान की फसल की सिंचाई प्रभावित हो रही है। किसानों ने ब्लॉक प्रमुख के समक्ष विद्युत आपूर्ति सुचारू कराने और खराब ट्रांसफार्मरों को जल्द उपलब्ध कराने की मांग रखी। किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए रामेश्वर उपाध्याय ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से वार्ता की और क्षेत्र में कम से कम 10 घंटे सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने डेमेज ट्रांसफार्मरों को जल्द से जल्द उपलब्ध कराकर स्थापित कराने को कहा, ताकि किसानों को राहत मिल सके और धान की फसल की समय से सिंचाई हो सके।









