
हाथरस 03 अगस्त। आगरा-अलीगढ़ रोड पर शनिवार रात एक फास्टफूड दुकान के सामने मामूली विवाद को लेकर युवकों के दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। सड़क पर मारपीट होते देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में भी दहशत का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि फास्टफूड दुकान के सामने किसी बात को लेकर युवकों के दो गुटों में कहासुनी शुरू हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के युवक एक-दूसरे पर टूट पड़े। इसी दौरान थार सवार कुछ युवकों ने अपनी गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी कर दी, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया। मौके पर मौजूद किसी राहगीर ने मारपीट की पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रसारित वीडियो में युवक एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद दोनों गुटों के युवक मौके से फरार हो गए। वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। हाथरस गेट थाना प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना ने बताया कि घटना के संबंध में पुलिस को अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा सके।








