
हाथरस 22 जुलाई। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के निर्देश पर 22 जुलाई 2026 को जनपद के परिषदीय विद्यालयों में संचालित मिड-डे मील (एमडीएम) एवं दूध वितरण योजना के निरीक्षण के लिए 20 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई। अधिकारियों ने जनपद के कुल 81 विद्यालयों का निरीक्षण कर एमडीएम की गुणवत्ता तथा विद्यार्थियों को दूध वितरण की व्यवस्था का सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान विकास खंड सादाबाद के प्राथमिक विद्यालय कुंवरपुर और प्राथमिक विद्यालय नगला चौधरी, विकास खंड सिकंदराराऊ के प्राथमिक विद्यालय बाजीदपुर तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय बाजीदपुर में दूध वितरण नहीं किया गया। वहीं प्राथमिक विद्यालय बारमऊ में न तो मिड-डे मील परोसा गया और न ही दूध का वितरण किया गया। इसके अलावा विकास खंड हसायन के प्राथमिक विद्यालय नगला मियां में मिड-डे मील की गुणवत्ता खराब पाई गई। जिला समन्वयक एमडीएम एस.एन. सिंह एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि निरीक्षण में जिन विद्यालयों में अनियमितताएं पाई गई हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप बच्चों को गुणवत्तापूर्ण मिड-डे मील और दूध उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






