हाथरस (मुरसान) 19 जुलाई। मुरसान क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का आरोप लगा है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक श्याम को हिरासत में ले लिया है और किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे उनकी बेटी पानी पीने के लिए घर के पास लगे नल पर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने उसे बुरी नीयत से पकड़ लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद शोर-शराबा होने पर दोनों परिवारों के सदस्य और अन्य ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पीआरवी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। सुबह होने पर किशोरी के परिजन मुरसान कोतवाली पहुंचे और युवक के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। मुरसान पुलिस ने आरोपी युवक को तुरंत हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101













