
हाथरस 18 जुलाई। दहेज में दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पति, सास और जेठ पर लात-घूंसों से मारपीट करने, चीमटे से सिर फोड़ने तथा कमरे में बंद कर भूखा-प्यासा रखने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर महिला थाना हाथरस पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव लाखनू निवासी फूलबानो पत्नी अजीज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका निकाह 6 अप्रैल 2018 को मथुरा जनपद के थाना बल्देव क्षेत्र के मोहल्ला रिधा निवासी अजीज के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति, सास और जेठ दहेज में दो लाख रुपये लाने का दबाव बनाने लगे। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष यह कहकर प्रताड़ित करता था कि उसके बच्चे नहीं हो रहे हैं, इसलिए मायके से दो लाख रुपये लेकर आए, अन्यथा पति की दूसरी शादी कर दी जाएगी। कई बार मायके पक्ष द्वारा समझाने के बावजूद आरोपियों का व्यवहार नहीं बदला और वे लगातार मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न करते रहे। तहरीर के अनुसार 16 मई 2026 की सुबह पति, सास और जेठ ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि उसके पेट में लात-घूंसों से वार किए गए और चीमटे से सिर पर हमला कर घायल कर दिया गया। इसके बाद उसे कमरे में बंद कर दिया गया। किसी तरह उसने अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसकी मां सकीला और बहन रुखसार मौके पर पहुंचीं और उसे बाहर निकालकर उपचार कराया। पीड़िता का आरोप है कि घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को देने के बाद उसका मेडिकल तो कराया गया, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उसने महिला थाना हाथरस पहुंचकर तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





