
हाथरस 13 जुलाई। एक विवाहिता ने अपने पति एवं ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने के प्रयास और पहली शादी की जानकारी छिपाकर विवाह करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 12 नवंबर 2025 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार बरेली निवासी एक युवक से हुई थी। विवाह में उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार करीब 80 लाख रुपये नकद एवं अन्य सामान पर खर्च किया था। आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद पति और अन्य ससुरालीजन उसके साथ गाली-गलौज और मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न करने लगे। उन्होंने अतिरिक्त दहेज के रूप में एक कार, 25 लाख रुपये नकद तथा नर्सिंग होम खोलने के लिए धनराशि की मांग की। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान एक महिला ने उसे बताया कि उसका पति पहले से शादीशुदा है और वह उसके बच्चे का गर्भपात भी करा चुकी है। विरोध करने पर ससुराल पक्ष ने उसके साथ मारपीट की और गले में फंदा डालकर जान से मारने का प्रयास किया। घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। उस समय ससुराल पक्ष ने पीड़िता के जेवरात, नकदी और अन्य सामान वापस करने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में सामान लौटाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि ससुरालियों ने जबरन कुछ कागजातों पर उसके हस्ताक्षर कराए और 19 नवंबर 2025 को उसे घर से निकाल दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Next News :-थाने के सामने से दिनदहाड़े बुलेट चोरी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101













