
हाथरस 10 जुलाई । जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VTAS ने बताया कि देश के मेधावी एवं प्रतिभाशाली बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किए जाने के लिए पात्र बच्चों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जनपद स्तर पर पात्र बच्चों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार भारत सरकार का एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान है, जिसके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में बच्चों की असाधारण उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दी जाती है। उन्होंने बताया कि यह पुरस्कार वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित छह श्रेणियों में प्रदान किया जाता है। इसके लिए ऐसे बच्चे पात्र होंगे, जिनकी आयु 31 जुलाई तक 18 वर्ष से कम हो, वे भारतीय नागरिक हों तथा भारत में निवास करते हों। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 अप्रैल से प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र बच्चे 31 जुलाई तक https://awards.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी पात्र एवं प्रतिभाशाली बच्चों तथा उनके अभिभावकों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि योग्य बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने एवं सम्मान प्राप्त करने का अवसर मिल सके।
























