हाथरस 08 जुलाई । राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (आरएएम) पार्टी, हाथरस इकाई ने मंगलवार को महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में भगवान श्री हनुमान जी के स्वरूप के साथ भाजपा का झंडा लेकर नृत्य कराए जाने पर आपत्ति जताई। पार्टी ने इसे सनातन धर्म की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों एवं आयोजकों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में देवी-देवताओं एवं धार्मिक प्रतीकों के राजनीतिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
पार्टी ने यह भी मांग की कि सभी राजनीतिक दलों को धार्मिक आस्थाओं के सम्मान के संबंध में आवश्यक परामर्श एवं निर्देश दिए जाएं तथा इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। यह ज्ञापन जिला महासचिव एवं प्रभारी निशांत उपाध्याय के नेतृत्व में तथा प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी के निर्देशन में सौंपा गया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष दीनदयाल शर्मा (दीनू पंडित), जिला उपाध्यक्ष सौरभ पराशर, जिला मंत्री प्रदीप शर्मा, अतुल पंडित, अभिषेक पाठक, हर्षवर्धन द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष भोला पंडित, जिला कार्यकारिणी सदस्य जय नारायण शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




















