
हाथरस 08 जुलाई । समाज कल्याण एवं शांति संगठन ने रेल यात्रियों की सुविधाओं में विस्तार और हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन के विकास को लेकर रेल मंत्री, भारत सरकार के नाम संबोधित 10 सूत्रीय ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक, हाथरस सिटी को सौंपा। संगठन ने स्टेशन पर बुनियादी सुविधाएं बढ़ाने के साथ-साथ नई ट्रेनों के संचालन एवं प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की। ज्ञापन में संगठन ने मांग की कि हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर कोच डिस्प्ले सिस्टम लगाया जाए, ताकि यात्रियों को अपने कोच तक पहुंचने में सुविधा मिल सके। स्टेशन पर निशुल्क यूरिनल का निर्माण कराया जाए तथा दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो के बीच लिफ्ट या एस्केलेटर की व्यवस्था की जाए। संगठन ने प्लेटफॉर्म नंबर दो पर टीन शेड के नीचे पंखे लगाने और वहां लाउडस्पीकर की व्यवस्था करने की भी मांग की, ताकि यात्रियों को गर्मी से राहत मिल सके और वे ट्रेनों से संबंधित घोषणाएं आसानी से सुन सकें।
ज्ञापन में रेल सेवाओं के विस्तार की मांग करते हुए मथुरा जंक्शन से बरेली के लिए दैनिक इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाने, मथुरा से कानपुर के लिए प्रातःकालीन ट्रेन शुरू करने तथा टनकपुर–नांदेड़ एक्सप्रेस का हाथरस सिटी स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया। इसके अलावा आगामी गुरु पूर्णिमा मेले को देखते हुए कासगंज से मथुरा जंक्शन तथा मथुरा से कासगंज के बीच दो-दो जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन की मांग भी उठाई गई। स्वापो ने ज्ञापन में यह भी अनुरोध किया कि संस्था यात्रियों की सुविधा के लिए हाथरस सिटी स्टेशन पर एक शीतल पेयजल वाटर कूलर लगाना चाहती है। इसके लिए रेलवे प्रशासन से आवश्यक अनुमति प्रदान करने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने वालों में स्वापो ट्रस्ट के संस्थापक कपिल अग्रवाल, जिला अध्यक्ष सुनील बर्मन, नगर अध्यक्ष दिनेश सरदाना, रेलवे प्रकोष्ठ प्रभारी सौरभ वर्मा तथा उपाध्यक्ष राकेश बंसल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।




















