
हाथरस 4 जुलाई। जवाहर नवोदय विद्यालय, अगसौली में स्वामी विवेकानंद जी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम के उपरांत उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से आत्मीय संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति, स्वास्थ्य, दैनिक दिनचर्या तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। रेनू गौड़ ने विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था, मध्याह्न भोजन, अनुशासन, छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. भगवान सिंह, उपप्रधानाचार्य एस.के. तोमर तथा समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।

























