
हाथरस 02 जुलाई । सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदारी में रह रही एक युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि युवती घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी अपने साथ ले गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता सुखवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी की भतीजी करीब 20 दिन पहले अपने पिता के साथ उनके घर आई थी और तभी से उनके यहां रह रही थी।
आरोप है कि 30 जून 2026 की दोपहर मनौरा निवासी अनमोल उनके गांव आया और युवती खुशबू को कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायत के अनुसार, जाते समय युवती घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी साथ ले गई। घटना के बाद सुखवीर सिंह ने सिकंदराराऊ थाने में तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। युवती की बरामदगी एवं मामले के तथ्यों की पुष्टि के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। युवती का पक्ष सामने आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





















