
हाथरस 02 जुलाई । कोतवाली सदर क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी ने अपनी बहन को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 जून की रात उसके मोहल्ले का रहने वाला मयंक उसकी 21 वर्षीय बहन को कथित रूप से शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया। शिकायत के अनुसार, युवती घर से सोने-चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपये नकद भी साथ ले गई। तहरीर में बताया गया है कि साथ ले जाए गए सामान में मंगलसूत्र, हार, दो पायल और एक सोने की अंगूठी शामिल हैं। पीड़ित का दावा है कि पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। घटना के अगले दिन 30 जून को पीड़ित ने कोतवाली सदर पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





















