Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 जुलाई । कोतवाली क्षेत्र के सीयल खेड़ा चमन तकिया निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और नाबालिग बेटी के अपहरण का आरोप लगाते हुए न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने नामजद आरोपी सहित अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सुरजीत ने न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि 19 मई 2025 की शाम करीब सात बजे उसकी पत्नी अंजली देवी और नाबालिग बेटी अनुराधा उसके पिता के साथ उझानी स्थित ससुराल से लौट रही थीं। हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद जब वे घर की ओर जा रहे थे, तभी स्टेशन के बाहर खड़े टिंकू पुत्र घनश्याम तथा दो अज्ञात लोगों ने कथित रूप से दोनों का अपहरण कर लिया।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, आरोपी टिंकू ने अंजली देवी की कनपटी पर तमंचा लगाकर उन्हें जबरन कार में बैठा लिया, जबकि दो अन्य लोगों ने अनुराधा को पकड़कर वाहन में बैठा लिया। पीड़ित का आरोप है कि उसके पिता ने विरोध किया तो आरोपितों ने उन्हें तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। सुरजीत ने आशंका जताई है कि उसकी पत्नी और बेटी को किसी अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर रखा गया है अथवा उनके साथ कोई अनहोनी हो सकती है।

पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद उसने संबंधित थाने में तहरीर दी तथा पुलिस अधीक्षक को भी रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल कर मुकदमा दर्ज कराने और विवेचना कराने की मांग की। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी एवं दो अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page