
हाथरस 02 जुलाई । कोतवाली सासनी क्षेत्र के गांव राघनियां में बुधवार को घर की वाशिंग मशीन में छिपे एक जहरीले सांप ने महिला और एक युवक को डस लिया। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद ग्रामीणों ने सांप को मार डाला और उसे भी अस्पताल ले गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, गांव राघनियां निवासी ललित कुमार के घर उनकी पत्नी श्वेता उपाध्याय (42 वर्ष) को वाशिंग मशीन में एक जहरीला सांप दिखाई दिया। घबराई श्वेता ने पड़ोसी संत कुमार को मदद के लिए बुलाया। दोनों सांप को बाहर निकालने का प्रयास कर रहे थे, तभी सांप ने पहले श्वेता के पैर में डस लिया। इसके बाद संत कुमार ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो सांप ने उनके हाथ पर भी काट लिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद लोगों ने लाठी-डंडों से सांप को मार डाला। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। परिजन मृत सांप को भी अपने साथ अस्पताल ले गए, जिसे देखकर स्वास्थ्य कर्मियों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। बाद में अस्पताल कर्मियों ने मृत सांप को अस्पताल परिसर के पास एक नाले में फिंकवा दिया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें भर्ती कर लिया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों को समय पर एंटी वेनम दिया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है, हालांकि एहतियात के तौर पर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। बारिश के मौसम में सांप निकलने की घटनाओं को देखते हुए वन विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा किसी भी स्थान पर सांप दिखाई देने पर स्वयं पकड़ने का प्रयास न कर विशेषज्ञों या संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की है।





















