
हाथरस 02 जुलाई । अनाज मंडी में सरसों बेचकर लौट रहे एक किसान को बाइक सवार दो युवकों ने लिफ्ट देने के बहाने अपनी बाइक पर बैठाया और रास्ते में ब्लेड से उसकी जेब काटकर 56,750 रुपये लेकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना हाथरस गेट पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना हसायन क्षेत्र के गांव नंगला अडू निवासी रमेश चंद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 2 जून 2026 को ट्रैक्टर से हाथरस स्थित अनाज मंडी में गोविंद की आढ़त पर सरसों बेचने आया था। सरसों बेचने के बाद उसे 56,750 रुपये प्राप्त हुए। इसके बाद वह अपना ट्रैक्टर मंडी में खड़ा कर बाजार में सामान खरीदने चला गया।
पीड़ित के अनुसार, सामान खरीदकर जब वह वापस मंडी में खड़े ट्रैक्टर की ओर लौट रहा था, तभी बाइक सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और मंडी गेट तक छोड़ने की बात कहकर उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया। आरोप है कि रास्ते में दोनों युवकों ने ब्लेड से उसकी पैंट की जेब काटकर उसमें रखे 56,750 रुपये निकाल लिए और मंडी गेट पर उतारकर फरार हो गए। मंडी गेट पर उतरने के बाद जब रमेश चंद ने जेब में हाथ डाला तो उसे रुपये चोरी होने की जानकारी हुई। इसके बाद उसने तत्काल मंडी चौकी और थाना हाथरस गेट पहुंचकर घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए मंडी परिसर एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।





















