Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 जुलाई । बीएएमएस में दाखिला दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 2.50 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर मुरसान थाना पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना मुरसान क्षेत्र के गांव नगला कलुआ तिहैया नगला करवा निवासी प्रवेश कुमार शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 सितंबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम संदीप त्रिपाठी बताते हुए दावा किया कि वह इंदौर स्थित एक आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज का संचालक है। उसने बीएएमएस में दाखिला दिलाने के लिए 2.50 लाख रुपये शुल्क बताया। पीड़ित के अनुसार, भरोसा दिलाने के लिए आरोपित ने अपना आधार कार्ड भी भेजा, जिसमें इंदौर का पता अंकित था। इस पर विश्वास करते हुए उन्होंने अपने भतीजे लव कुमार शर्मा के प्रवेश के लिए सहमति दे दी।

तहरीर के मुताबिक, आरोपित के बताए एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के खाते में पीड़ित ने अपने एसबीआई खाते से तीन किस्तों में 1.50 लाख रुपये तथा अपने भतीजे हरवंश शर्मा के केनरा बैंक खाते से एक लाख रुपये स्थानांतरित किए। इस प्रकार कुल 2.50 लाख रुपये 6 अक्टूबर 2025 तक आरोपित के खाते में भेज दिए गए। आरोप है कि रकम प्राप्त करने के बाद न तो प्रवेश से संबंधित कोई दस्तावेज उपलब्ध कराए गए और न ही दाखिले की कोई प्रक्रिया पूरी की गई। रुपये वापस मांगने पर आरोपित टालमटोल करता रहा। पीड़ित का आरोप है कि 3 नवंबर 2025 को आरोपित ने रुपये लौटाने से साफ इनकार कर दिया तथा फोन पर अभद्रता करते हुए दोबारा संपर्क करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। बाद में जानकारी करने पर पीड़ित को पता चला कि इंदौर में आरोपित के नाम का कोई आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज संचालित नहीं है। इसके बाद प्रवेश कुमार शर्मा ने 10 मार्च 2026 को मुरसान थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपित के विरुद्ध धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page