
हाथरस 02 जुलाई । सादाबाद क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति पर शराब के नशे में मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने पति सहित दो ननदों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता सीमा, पुत्री स्व. विनोद कुमार, निवासी वरी वाला मोहल्ला, सादाबाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका विवाह 2 जुलाई 2021 को मथुरा जनपद के राया निवासी रवेंद्र, पुत्र भूरी सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था।
तहरीर के अनुसार, विवाह के कुछ समय बाद से ही उसका पति शराब के नशे में घर आने लगा। पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय पहले पति ने नशे की हालत में भोजन को लेकर विवाद करते हुए उसके साथ मारपीट की। उसने यह भी आरोप लगाया कि पति पहले भी कई बार शराब के नशे में उसके साथ मारपीट कर चुका है और जान से मारने की धमकी देता रहा है। विवाहिता ने अपनी ननद अलका और नीलम (पत्नी हिमांशी) पर भी प्रताड़ित करने और ताने मारने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि दोनों की बातों में आकर उसका पति उसके साथ मारपीट करता है। लगातार कथित उत्पीड़न से परेशान होकर सीमा ने 15 नवंबर 2025 को महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















